रविवार, 24 अक्तूबर 2021

पनीर टिक्का मसाला

आज मैं लेकर आई हूँ  पनीर टिक्का मसाला ।
पनीर टिक्का मसाला सबके  पसंद का होता है।
बेहद स्वादिष्ट।बच्चों की फेवरेट।या कहूँ सबकी फेवरेट💗पनीर टिक्का बनाना मुश्किल नहीं।यह आसानी से बनाया जा सकता है।
तो चलिए बनाते हैं आज बेहद स्वादिष्ट -पनीर टिक्का😊

बनाने की सामग्री

300 ग्राम पनीर 1 इंच कटी हुई
1 प्याज 1 इंच कटी हुई
1 शिमला मिर्च 1 इंच कटी हुई

मेरिनेशन के लिए

1/4 गाढ़ा दही
1 चम्मच कॉर्नफ्लोर
1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
2 चम्मच बेसन
1/2  चम्मच लहसुन पेस्ट
1/2 चम्मच अदरक पेस्ट
 1 चम्मच धनिया पाउडर
1 चम्मच जीरा पाउडर
1/2 चम्मच गरम मसाला
1 चम्मच हल्दी पाउडर
नमक स्वादनुसार

ग्रेवी के लिए

2 प्याज
7/8 लहसुन की कलियां
1 इंच अदरक का टुकड़ा
4 टमाटर
8/10 काजू
2/4 मूंगफली
2 हरी मिर्च
1 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
1 चम्मच हल्दी पाउडर
1 चम्मच धनिया पाउडर
1 चम्मच गरम मसाला
2 चम्मच कसूरी मेथी
2 तेजपत्ता
1/4 मलाई या मिल्क क्रीम
4 चम्मच तेल
नमक स्वादनुसार

बनाने की विधि

●एक बाउल में दही लें।
अब मेरिनेशन की सारी चीज़ें मिला दें।
पनीर,शिमला मिर्च,प्याज के टुकड़े डाल कर आधे घण्टे के लिए ढ़क कर रख दें।

●अब एक पैन में प्याज,लहसुन,अदरक उसमें थोड़ा पानी डालकर 4/5 मिनट उबाल लें।
अब गैस बंद कर दें।थोड़ा काजू और मूंगफली को हल्का भून लें। अब उबले हुए प्याज,अदरक ,लहसुन के साथ काजू मूंगफली को पीस लें।
अलग से टमाटर और हरी मिर्च को पीस लें।

●अब एक कढ़ाई में तेल गरम करें।
अब इसमें प्याज का पेस्ट डालकर मीडियम आंच पर भून लें।
जब अच्छी तरह भून जाए तब टमाटर का पेस्ट डालकर उसे भी भून लें।

●सभी मसालों को डालकर भून लें।
जब सभी मसाले भी भून जाएं तब इसमें एक कटोरी पानी डाले और उबलने दें।
आंच धीमी ही रखें।अब इसमें क्रीम डालें।
और उबलने दें।

●दूसरी तरफ एक पैन में तेल डालकर मेरिनेट किया हुआ पनीर प्याज को शैलो फ्राई करें। दोनों तरफ से अच्छी तरह से फ्राई करें।

●अब इसे ग्रेवी में डाल दें और धनिया से सजाकर रोटी या नान के साथ सर्व करें।




शनिवार, 25 सितंबर 2021

बनाना ओट्स स्मूदी



आजकल सेहत का ध्यान किसे नहीं रहता।सभी अपने तरीके से अपना अपना ख्याल रखते हैं। जरूरी भी है।आज के दौड़ भाग की जिंदगी में।
और जल्दी में क्या बन जाए ये हम महिलाएं ढूंढते हैं।
जल्दी भी और हेल्दी भी 😂।
मैं हमेशा बिल्कुल आसान रेसिपी लेकर आती हूँ जिसे बनाना मुश्किल नहीं होता।
आज भी वैसा ही है कुछ।जिसमें कुछ चीज़ें ही चाहिए
और समय बिल्कुल कम।
मेरी अधिकतर रेसिपी बच्चों की फेवरेट होती है।
बच्चों को कुछ अलग बनाकर दिया जाए तो वह मन से खाते हैं।
पर आज की रेसिपी सबके लिए सेहतमंद है।
👇
आज की रेसिपी बहुत ख़ास और सेहतमंद है। बेहद पौस्टिक हाई प्रोटीन से भरपूर।जो आपको हेल्दी बनाए रखे।इसमें इम्यूनिटी बूस्टर हैं जो काफी सेहतमंद हैं।

तो चलिए बनाते हैं आज की स्पेशल रेसिपी।
जिसे बनाना बिल्कुल आसान है।

आज हम बनाएंगे -बनाना ओट्स स्मूदी



समय: 5 मिनट                     कितने लोगों के लिए : 1


इसके लिए हमें चाहिए 👉

  • 1 केला
  • 1/2 कप ओट्स
  • 1 चुटकी दालचीनी
  • 1 इंच अदरक
  • 1 कप दूध
  • 2 टी स्पून शहद
  • 1 चुटकी हल्दी



स्मूदी बनाने की विधि:

एक ब्लेंडर में सभी सामग्री को डालें।


इसे स्मूद होने तक ब्लेंड करें।
अब इसे ड्राई फ्रूट्स से सजाकर सर्व करें।
🤗



बस हो गया तैयार। है न कितना आसान।
तो चलिए बना लेते हैं बनाना ओट्स स्मूदी



सोमवार, 20 सितंबर 2021

स्ट्रॉबेरी स्मूदी


जैसा कि हम सब जानते हैं कि स्ट्रॉबेरी सबका पसंदीदा फ्रूट है। जितना देखने में सुंदर होता है।उतना ही खाने में स्वादिष्ट। यह हमेशा बच्चों का फेवरेट रहा है।
स्ट्रॉबेरी पहले चुनिंदा शहरों में ही मिलता था ।पर अब हर जगह आसानी से मिल जाता है।
गर्मियों के मौसम में अनेकों प्रकार के फ्रूट दिखाई देते हैं।जिनमे से स्ट्रॉबेरी भी है। यह खाने में बहुत टेस्टी होता है।
खासकर बच्चों की डिमांड लिस्ट में इसका सबसे पहला नाम होता है।मेरे दोनों बदमाशों को भी बहुत पसंद है।
😍😋 मुम्बई में सालों भर मिलता है।
अगर हमारे पास स्ट्रॉबेरी उपलब्ध है तो हम मेहमानों के आने पर झटपट इसे बना सकते हैं।
इसे बनाना बिल्कुल आसान है।


आज मैं  स्ट्रॉबेरी स्मूदी बनाने जा रही हूँ।जो बनाना बेहद आसान है।


बनाने की सामग्री:

  1. 4 कटी हुई स्ट्रॉबेरी
  2. 1 कप दही
  3. 1/2 कप ठंडा दूध
  4. 1 बड़ा चम्मच शक्कर
  5. कुछ बर्फ के टुकड़े
  6. कुछ स्ट्रॉबेरी स्लाइस


बनाने की विधि:

  • स्ट्रॉबेरी,दही,दूध,शक्कर को एक साथ ब्लेंड करें।
  • गिलास में बर्फ के टुकड़े डालें।
  • अब इसमें ब्लेंड किया हुआ स्मूदी डालें।
  • अब इसे स्ट्रॉबेरी के स्लाइस से सजाकर सर्व करें।

बस हो गया तैयार बेहद स्वादिष्ट स्ट्रॉबेरी स्मूदी 😋
तो बनाइये और तारीफें बाटोरिये।
है न बिल्कुल आसान।




रविवार, 5 सितंबर 2021

मोदक




मम्मा गणपति बप्पा आ रहें हैं तो इस बार भी आप मोदक बनाओगे न ?
इशिता ने मुझसे कहा।मैंने कहा-हं इस बार भी मोदक जरूर बनाउंगी और इस बार तुम भी मेरे साथ बनाना तुम बड़ी हो रही हो अब तुम्हे भी सब देखना चाहिए सीखना चाहिए।
इशिता-मम्मा मोदक क्यों बनाया जाता है?
मैंने कहा कि बप्पा को मोदक बहुत पसंद है।इसलिए गणपति पूजा में मोदक का विशेष स्थान है।
यूँ तो बाजार में बहुत सारे मोदक उपलब्ध होते हैं पर फिर भी घर में मोदक बनाने की अलग ही बात है।इस बार बाजार से खरीदने की बजाय घर में ही मोदक बनाएं।सबसे ज्यादा मोदक महारास्ट्र में प्रसिद्ध है।गणपति हर घर में विराजमान होते हैं इसलिए सबके घर मोदक बनाया जाता है।क्योंकि गणपति जी को सबसे ज्यादा प्रिय मोदक ही है।

तो हम भी बनाते हैं आज -मोदक
तो चलिए बनाते हैं आज मोदक। भगवान गणेश की पसंदीदा मिठाई।

मोदक बनाने की सामग्री -


चावल का आटा 2 कप
चीनी 1 चम्मच
गुड़ 2 कप
नारियल पिसा हुआ 2 कप
तिल का तेल 1 चम्मच

बनाने की विधि

*सबसे पहले नारियल को सुखा भून लें और अलग रख दें।

* अब 2 कप पानी में गुड़ को डालें और उबाल आने तक पकाएं।

* जब गुड़ गाढ़ा होने लगे तो उसमें भुना हुआ नारियल मिलाएं।।इसमें इलायची पाउडर डालें।और अच्छी तरह मिलाएं। इस मिश्रण को गैस से उतारकर अलग रख दें।

*अब चावल के आटे में 2 कप गरम पानी, तेल और चुटकी भर नमक डालें और आटे की तरह गूँथ लें।

*आटे से मीडियम साइज़ की लोइया बना लें।और उसके बीच नारियल और गुड़ की फीलिंग कर मोदक का शेप दें।

* जब सारे मोदक बन जाएं तब उन्हें ढक कर स्टीम करें और अच्छी तरह पका लें।

अब हो गया हमारा मोदक प्रशाद तैयार।अब गणपति बप्पा को भोग लगाएं।


शुक्रवार, 18 जून 2021

बेबी पोटैटो फ्राई



कभी कभी हम सोंचते हैं की कुछ ऐसा बनाया जाए।जो झटपट तैयार हो जाये और मुँह भी चटपटा हो जाए।
फिर सोचते हैं कि क्या बनाया जाए।
ये सबके साथ होता है।
झटपट तैयार होने में आलू की बहुत सारी रेसिपी है।जो आसानी से बनाया जा सकता है।

और इसमें से एक है पोटैटो फ्राई।
आलू तो हमारे किचन का राजा है जो हमेशा उपलब्ध होता है सबके किचन में।
मेरी भी नज़रे पड़ी आलू की बास्केट पर फिर..........
मैंने सोच ही लिया कि क्या बनाया जाए।
मैंने पोटैटो फ्राई बनाने की सोची।जो बहुत ही आसान है।यह तो सभी को पसंद आता है।
तो चलिए बनाते हैं आज चटपटा 👍 बेबी पोटैटो फ्राई
इसे बनाने में कोई झंझट है नही।और सारी सामग्री हमारे किचन में मिल जाती है। यह बिल्कुल आसान रेसिपी है।
तो चलिए बनाते हैं बेहद स्वादिष्ट रेसिपी।

बनाने की सामग्री

👉 आधा किलो छोटे आलू

👉आधा चम्मच हल्दी पाउडर

👉2 चम्मच धनिया पाउडर

👉एक चम्मच जीरा पाउडर

👉एक छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर

👉आधा चम्मच राई

👉 आधा चम्मच जीरा

👉 आधा चम्मच चाट मसाला

👉 नमक स्वादनुसार




बनाने की विधि


👉 आलू को अच्छे से धोकर प्रेशर कुकर में उबाल लें।


👉कुकर में 2 सिटी आने पर गैस बंद कर दें।


👉जब कुकर का प्रेशर खतम हो जाए तब आलू निकाल लें।

👉आलू को ठंडा कर के छिल लें।

👉सावधानी से आलू छिले आलू टूटे नहीं।

👉अब इसमें 2 चम्मच तेल,हल्दी पाउडर,लाल मिर्च पाउडर,जीरा पाउडर,नमक लगाकर 10 मिनट के लिए छोड़ दें।

👉अब एक कढ़ाई में तेल गरम करें।

👉अब तेल में राई और जीरा डालकर लाल करें।

👉अब मसाले वाले आलू डालें।

👉अच्छी तरह चलाकर कुछ देर ढ़क दें। 8/10 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं।

👉बीच बीच में इसे चलाते रहें।

👉बेबी पोटैटो फ्राई अब तैयार है

👉इसके उपर चाट मसाला डाल कर गरमा गरम सर्व करें।


मैंगो बर्फी



आम के मौसम में हम आम से कितनी तरह की रेसिपी बनाते हैं।जैसे- मैंगो मिल्क शेक,मैंगो हलवा ,लस्सी ऐसे ही बहुत सारी रेसिपी हमलोग ट्राई करते हैं।
बनाते भी हैं।आम सबका पसंदीदा फल है।

आज मैंने सोचा आम से क्यों न मिठाई बनाऊँ।
इसलिए मैंने आज मैंगो बर्फी बनाने की सोची।सुना था कि बहुत स्वादिष्ट होता है।मेरे एक हलवाई चाचा हैं जिनसे मैं अक्सर कोई कोई रेसिपी पूछती हूँ।
और कभी कभी एक्सपेरिमेंट भी हो जाता है😂

आज मैने यही सोचा कि मैंगो बर्फी बनाया जाए।
तो इसके लिए इसके साथी के रूप में मैंने नरियल चुना।जो हर रेसिपी में फिट हो जाता है😀

तो चलिए बनाते हैं बेहद लज़ीज़ 👉मैंगो बर्फी


बनाने की सामग्री:

👉 2 पके आम🍋

👉 2 कप नारियल पाउडर

👉1 कप चीनी

👉2 चम्मच कॉर्नफ्लोर

👉 8/10 काजू/ 8/10 पिस्ते बारीक कटे


बनाने की विधि

👉 2 पके आम को धोकर छील लीजिए।

👉अब इसके पल्प को टुकडों में काट लीजिए।

👉अब इसे मिक्सर जार में डाल दीजिए साथ ही चीनी और कॉर्नफ्लोर भी डालकर पीस लीजिए।

👉अब गैस पर एक कढ़ाई या पैन रखिए।

👉अब पैन में नारियल डालकर इसे मीडियम आँच पर भूनिए।

👉2 मिनट तक खुशबू आने तक लगातार भूनें।

👉 इसे भुनने के बाद पैन से निकाल कर एक प्लेट में रखें।

👉 अब पैन में आम के पल्प को गाढ़ा होने तक पका लीजिए।

👉 पकने पर इसका हल्का सा रंग बदलेगा।

👉पकने के बाद इसमें नारियल डाल दीजिए।

👉 अच्छी तरह से इसे मिलाइये।

👉 इसे गाढ़ा होने तक (मिश्रण को जमने की कंसिस्टेन्सी तक पका लीजिए।

👉 गैस मीडियम ही रखिए।

👉अब एक ट्रे में घी लगाकर रखिए।

👉 मिश्रण के गाढ़ा होने पर गैस बंद कर दीजिए।

👉अब इस मिश्रण को घी लगे हुए ट्रे में फैला दीजिए।

👉अब इसपर काजू और पिस्ते डालकर चम्मच से दबा दीजिए।

👉अब इस बर्फी को जमने के लिए 1 घण्टे के लिए रखें।

👉 जमने पर अपने पसंद के आकार में काट लीजिए।

👉अब इसे सर्व करें।




कैसी लगी ये रेसीपी🙏 मुझे जरूर बतायें।

Chitra Chand (C Chand)✍️


गुरुवार, 17 जून 2021

पकौड़े लाज़वाब


बारिश और पकौड़े वाह क्या कहने। उस पर से हम चटोरे।
"ओह!! आज बारिश हो रही है क्यों न गरमा गरम पकौड़े हो जाए" यह हर घर में सुनाई देता है।जो खाने के शौकीन हैं उन्हें तो बस बहाना चाहिए।
और जब बनाने वाला हो तब तो बात ही बन जाती है।
आज बच्चों ने कहा- "मम्मा कुछ तो चटपटा हो जाये आज"
बच्चों के मूड के आगे कौन ना बोले।
मेरा भी अब मन कर ही गया चलो आज पकौड़े बनाऊँ।
वो भी कुछ अलग तरीके से और झटपट।
सबकी निगाहें किचन के तरफ थीं।
मैंने भी मस्ती में  आवाज लगाते हुए कहा - किचन के तरफ कोई नहीं आएगा।मैं कुछ स्पेशल बना रहीं हूँ।
 कुछ हँसी मज़ाक हुई.........

तो चलिए बनाते हैं पकौड़े मेरे अंदाज में।

बनाने की सामग्री

2 बड़े आलू
3 प्याज़
4/5 हरी मिर्च
1 चम्मच अक्खा धनिया
1 चम्मच कसूरी मेथी
 1 कटोरी बेसन( गुथने के हिसाब से)
 नमक स्वादनुसार
1 चम्मच चाट मसाला
1 चम्मच जीरा
1 चम्मच मिर्ची पाउडर( अपने हिसाब से)
1 चम्मच हल्दी पाउडर
 थोड़ी धनिया पत्ती
1 चम्मच अदरक,लहसुन का पेस्ट


बनाने की विधि

👉 सबसे पहले आलू और प्याज़ को बारीक काट लें।

👉 अच्छी तरह धोकर रखें।

👉 अब इसमें सभी सामग्री मिलाएं।
  
हरी मिर्च बारीक कटी,अक्खा धनिया,कसूरी मेथी,बेसन,नमक,चाट मसाला,जीरा,मिर्ची पाउडर,हल्दी पाउडर,धनियां पत्ती,अदरक लहसुन का पेस्ट ।

 👉 इन सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाएं।

👉 2 मिनट के लिए छोड़ दें।

👉 तबतक तेल को गर्म करें।

👉 अब गर्म तेल में पकौड़े तलें।

👉 गोल्डन होने तक फ्राई करें।

👉 अब इसे डिश में निकाल कर हरी चटनी या सॉस के साथ सर्व करें।


हो गया चटपटा पकौड़े तैयार।

सोमवार, 14 जून 2021

मलाई पिस्ता कुल्फी



""कुल्फी.....कुल्फी....कुल्फी मम्मा आज तो मुझे कुल्फी खानी ही है।आज आपको बनाना ही पड़ेगा। ""

बच्चों ने मस्ती करते हुए चिल्लाना शुरू किया।
अच्छा बाबा बनाती हूँ। कोई चीज़ बनाने में टाइम लगता है। मैंने इतना बच्चों से कहा।

बच्चें हो या बड़े कुल्फी तो सबको भाती है। मेरा भी मन था कि कुल्फी बनाऊ।
तो इसलिए आज मैं कुल्फी की रेसीपी लेकर आयीं हूँ।
घर कुछ स्पेशल बनाया जाता है तो घर के सभी सदस्य इसमें उत्सुकता से शामिल होते हैं।
अलग सा माहौल बन जाता है। कभी कभी ऐसा माहौल बनना चाहिए। इन्ही पलों से तो जिंदगी रंगीन होती है।हमें तो यही चाहिए न की बच्चें ख़ुश हो बड़े बुजुर्ग भी हर ख़ुशी में शामिल हो।उन्हें भी अच्छा लगे।कुछ ना कुछ घर में होना चाहिए। छोटी छोटी ख़ुशी में बड़े उत्सव का माहौल हो।
बच्चों के साथ बच्चा बन जाना।
उन्हें भी शामिल करना जिससे वो उत्साहित हो।
तो हमें कभी कभी ये सब करना चाहिए।
मैंने भी यही किया।बच्चों की मर्जी से आज कुछ स्पेशल बनाई।
बेहद स्वादिष्ट 😋 मलाई पिस्ता

बनाने की सामग्री :

दूध -लीटर
चीनी - 1 कप
इलायची पाउडर- आधा चम्मच
पिस्ता - आधा कप
मलाई - 2 चम्मच

बनाने की विधि

👉 सबसे पहले दूध  एक पैन में मीडियम आँच पर रख दें।

👉 जब दूध गाढ़ा हो जाए,तब इसमें चीनी डालकर घुलने तक पकाएं।

👉दूध जब आधा हो जाए तब इसमें मलाई डालकर 2/3 मिनट तक पकाएं।

👉 अब पिस्ता और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिक्स करें।

👉 अब गैस बंद कर दें।

👉 दूध जब पूरी तरह से ठंडा हो जाए तब इसे कुल्फी के साँचे में डालकर ढक्कन से बंद कर दें।


👉 अब कम से कम 8 घण्टे के लिए फ्रीज़र में रख दें।

👉 उसके बाद कुल्फी को साँचे से निकाल लें।


👉तैयार है बेहद स्वादिष्ट कुल्फी।
अब इसे सर्व करें।

मंगलवार, 8 जून 2021

बेल के हेल्दी जूस




हम जानते हैं कि बेल का शर्बत बहुत ही फायदेमंद होता है।यह ठंडक देने में सहायक होता है।कब्ज़ की समस्या में भी राहत देता है। पेट दर्द में सहायक होता है।
खून साफ करने में भी सहायक होता है।
मतलब की यह सेहत के लिए बहुत ही लाभदायक है।

बेल के मौसम में हम बेल का शर्बत बनाते हैं जो काफी हेल्दी ड्रिंक है।बहुत से जगहों पर यह मिल नहीं पाता इसलिए इसे कम लोग ही जानते हैं।
तो चलिए बनाते हैं बेहद स्वादिष्ट,हेल्दी ड्रिंक।


बेल का शर्बत


1 पका हुआ बेल
5 चम्मच चीनी(अपने स्वादनुसार)
4/5 ग्लास पानी



बनाने की विधि :

👉 सबसे पहले एक पका हुआ बेल लेंगें।

👉 उसे तोड़कर उसके गुदे निकाल लेंगें।



👉 अब एक बर्तन में गुदे डालकर पानी मिला देँगे।


👉 अब इसे 2 घण्टे के लिए रख देंगे। इससे बेल का
स्वाद बढ़ जाता है।

👉 अब छन्नी की सहायता से उसे छान लेंगें साथ ही
उसके बीज और रेशे को निकाल कर हटा देँगे।



👉 अब बेल के जूस में चीनी डालकर अच्छी तरह से
मिला देंगें। चीनी अपने हिसाब से ही डालें क्योंकि
बेल में भी मीठापन होता है।

👉 इसे थोड़ा ठंडा करने के लिए फ्रिज में रख दें

👉 अब ठंडा और हेल्दी जूस (शरबत)सर्व करें।


शुक्रवार, 4 जून 2021

Egg curry

अंडा सेहत के लिए बहुत जरूरी है। कुछ लोग नाश्ते में ऑमलेट या उबले अंडे खाना पसंद करते हैं।इसमें भरपूर मात्रा में प्रोटीन पाया जाता है।अगर अंडा खाना आपको पसंद है तो आप लंच में या डिनर में अंडा करी बना सकते हैं।यह बनाना बिल्कुल आसान है।तो चलिए बनाते हैं आज लंच में अंडा करी जो है मेरी भाषा में😃 ।
बेहद स्वादिष्ट लाज़वाब यमी😋😋।

तो शुरू करते हैं- एग करी


अंडा करी बनाने की सामग्री:

5 अंडे 
3 प्याज -बारीक कटे हुए
2 चम्मच -अदरक-लहसुन का पेस्ट
 2 टमाटर- बारीक कटे हुए
आधा कटोरी -धनियापत्ती बारीक कटी हुई
1 चम्मच जीरा पाउडर
आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर 
1/2 चम्मच हल्दी पाउडर 
1 चम्मच धनिया पाउडर 
1 चम्मच गरम मसाला पाउडर 
1/4 चम्मच काली मिर्च पाउडर 
नमक स्वादानुसार 
आधा चम्मच कसूरी मेथी
 तेल
2 तेजपत्ता


बनाने की विधि:


👉 सबसे पहले अंडे को 20 मिनट तक उबाल लें।

👉 जब अंडा ठंडा हो जाये तब उसके छिलके उतार लें।

👉 इसके बाद एक कढ़ाई में तेल डालकर अंडे को सुनहरा होने तक फ्राई कर लें।

👉 अंडा फ्राई करने के बाद अंडे को एक डिश में निकाल लें।

👉 अब इसी तेल में जीरा और तेजपत्ता डालकर भूने।

👉 जीरा के लाल होते ही प्याज़ डालकर सुनहरा भुने।

👉 अब इसमें अदरक लहसुन का पेस्ट और टमाटर डालकर भुने।जब टमाटर गलने लगे तब इसमें लाल मिर्च,हल्दी,गरम मसाला,धनिया पाउडर,काली मिर्च पाउडर,नमक स्वादनुसार डालकर एक साथ भूनें।

👉सभी मसालों को अच्छी तरह तेल छोड़ने तक भूनें।

👉अब थोड़ी सी कसूरी मेथी डालें।जिससे स्वाद बेहद स्वादिष्ट लगता है।

👉 2 मिनट बाद इसमें पानी डालें। पानी अंदाज से ही डालें।

👉 2/3 उबाल आने के बाद इसमें अंडे को डाल दें।

👉 5 मिनट तक ढ़ककर पकाएं।

👉 गैस बंद करने के बाद इसमें धनिया पत्ती डालें।

👉 और गरमा गरम पराठे या रोटी,चावल के साथ सर्व करें।




शुक्रिया🙏 ✍️


गुरुवार, 3 जून 2021

ब्रेड रसमलाई




रसमलाई का नाम सुनते ही मुँह में पानी आ जाता है।
यह सबके मन को भाता है।और अचानक से हमें खाने का मन किया तो ?? तो हम इसे घर पर भी बना सकते हैं इसे बनाना एकदम आसान है।
आज मेरे बच्चों ने कहा की मम्मा कुछ मीठा बनाइये।
और कहने का मतलब ये भी था कि कुछ नया।
तो मैंने आज रसमलाई बनाई।वो भी ब्रेड की।

तो चलिए बनाते हैं बेहद स्वादिष्ट ब्रेड रसमलाई

सामग्री :

ब्रेड  : 4 पीस
दूध  : 1 लीटर
चीनी  : 150 ग्राम
काजू  : 8-10
पिस्ता  :  8-10
बादाम  : 8-10
केसर  : 1 चुटकी


बनाने की  विधि :


👉  सबसे पहले दूध को उबाल लें। मीडियम आंच पर दूध को आधा कर लें।

👉 दूध को चलाते रहें। ताकि जले नहीं।

👉 अब दूध में  चीनी,केसर,आधा ड्राई फ्रूट्स डालें और आधा गार्निश के लिए रख लें।

👉 दूध को को उबालकर आधा कर लें।मलाई को किनारे लगाते रहें।

👉 दूध जब आधा चौथाई हो जाए तब गैस बंद कर दें।

👉 ठंडा होने के लिए रख दें।

👉 अब ब्रेड को कुकीज कटर या जो सुविधा हो आपके पास उससे  गोल शेप में काट लें।

👉 दूध भी ठंडी हो गई और ब्रेड भी कट गया।

👉 अब ब्रेड के पीस को दूध में डालें।और हल्के हाथों से उलट दें ताकी दूध दोनों तरफ जाए। (या ब्रेड को डिश में निकालकर ऊपर से दूध डाल सकते हैं।जिससे ब्रेड टूटता नहीं)

👉 अब इसे प्लेट में निकाल कर ऊपर से दूध डालें।
उसपर  कटे ड्राई फ्रूट्स से गार्निश करें।


👉 हो गई रस मलाई तैयार 🤗  अब सर्व करें।


सोमवार, 31 मई 2021

मैंगो सूजी केसरी



मैंगो केसरी जो नाम से ही खूबसूरत है और देखने में खूबसूरत।।मैंगो केसरी को बहुत से नाम से जाना जाता है।

आम का हलवा,मैंगो शीरा इत्यादि।
यह ड्राई फ्रूट्स,सूजी(रवा) और आम से बनाई जाने वाली मिठाई है।यह बनाना भी बिल्कुल आसान है।
आम के दिनों में बहुत से घरों में यह बनाया जाता है।जो बेहद स्वादिष्ट होता है।इसे हम प्रसाद के रूप में भी बना सकते हैं।
सूजी के हलवे की तरह ही इसे बनाया जाता है।इसे सभी पसंद करते हैं।जब त्योहार आए तब इसे हम झटपट तैयार कर सकते हैं।या घर में अचानक से मेहमान आ जाएं तो यह बना सकते हैं। मैं आज आपको बताने जा रही हूँ यह रेसिपी जो आसानी से बनाया जाता है।तो चलिए बनाते हैं आज मैंगो केसरी


सामग्री


एक पके आम के पल्प

1/2 लीटर फूल क्रीम दूध

1 सूजी ( रवा)

चीनी 7/8 चम्मच (अपने स्वादनुसार)

घी

केसर 8/10 धागे

1 चम्मच पिसी इलायची

ड्राई फ्रूट्स


बनाने की विधि :

👉सबसे पहले आम को  छीलकर उसे पीस कर
पल्प तैयार कर लें।

👉फिर कढ़ाई में घी डालकर ड्राई फ्रूट्स (काजू,किसमिश,बादाम) डालकर फ्राई कर लें।

👉अब रवा (सूजी)को धीमी आंच पर भूनें।

👉दूसरे तरफ गर्म दूध में केसर डालकर रखें।

👉जब रवा( सूजी) ब्राउन हो जाये ,तब उसमें दूध डालकर चलाते रहें।

👉अब पिसी इलायची,और चीनी डालकर चलाएं।

👉जब घी छोड़ने लगे तब आम के पल्प डालें।
और अच्छी तरह से चलाएं।

👉अब एक दो चम्मच घी डालकर गरमा गरम सर्व करें।


गुरुवार, 27 मई 2021

Mango smoothie

आम का मौसम आते ही आम खाने को मन करता है।यह सबका पसंदीदा फल है।आम के कितने सारे प्रकार है।आम से कई तरह के रेसीपी बनाये जाते हैं। बनाना भी बहुत आसान होता है।इनमे से एक है  mango smoothie 



मैंगो स्मूथी बनाना एक दम आसान है।

सामग्री :

  1.  1 आम
  2.  1 कप दही
  3.  1 कप ठंडा दूध
  4.   5/5 बादाम भिगोया हुआ
  5.   चीनी अपने स्वाद अनुसार
  6.   कुछ ड्राई फ्रूट्स कटे हुए


बनाने की विधि

👉 आम को धोकर,छीलकर उसके टुकड़े काट लीजिए।
👉 अब इसे फ्रीज़र में 25 मिनट के लिए रख दीजिए।
👉 अब इसे एक मिक्सर जार में  आम,दूध,दही,बादाम,चीनी डालकर पीस लीजिए।
👉 हमारा मैंगो स्मूथी तैयार है इसे ड्राई फ्रूट्स डालकर सर्व कीजिए।

रविवार, 23 मई 2021

अनरसा



आज अचानक मुझे अनरसा मिठाई याद आ गई।बचपन में हमलोग बहुत खाते थे और बेहद स्वादिष्ट लगता था।अनरसा उत्तर भारत का पारम्परिक मिठाई है।यह कई सालों से जानी जाती है।यह चावल से बनाई जाती है।यह सबको बहुत पसंद आता है।बच्चे भी इसे मन से खाते हैं।यह हम कोई भी मौसम में बना सकते हैं।इसे गरमा गरम खाने में बहुत अच्छा लगता है।यह दीपावली का विशेष व्यंजन है।इसे हम दीवाली के विशेष त्योहार में बना सकते हैं।आप भी इसे मिठाई रूप में बना सकती हैं।जो सबको पसंद आएगी।यह मिठाई बहुत तरह से बनाई जाती है।एक तो 3 दिन पहले  चावल भिगोकर या सूजी के।कई लोग इसे अलग अलग तरह से बनाते हैं।पर इसकी ऊपरी सतह एक समान ही होती है।जो इसकी खूबसूरती है।और इसकी पहचान।कुछ लोग इसे लक्ष्मी पूजन के खास मौके पर बनाते हैं।उत्तर भारत में यह दिपावली के समय हर जगह दिखाई देती है।हर जगह उपलब्ध होती है।इसे बनाना शुभ माना जाता है।इसे बनाने में लगभग 3 दिन लगते हैं ।पर मैंने इसे झटपट बनाने की कोशिश की है।
तो चलिए बनाते हैं।एक अनोखी रेसिपी-


बनाने की सामग्री:

2 कटोरी चावल का आटा
1 चम्मच इलायची पाउडर
150 ग्राम ग्रेटेड गुड़
4/5 बड़े चम्मच दूध
2 चम्मच तिल

बनाने की विधि:

चावल को रात भर भिगो कर रखें
सुबह इसका पानी निकालकर सूखा लें।
पूरे एक घण्टे के लिए सूखने दें।
अब मिक्सर में इसका पाउडर बना लें।
इस पाउडर में गुड़ और इलायची पाउडर डालकर अच्छी    तरह से मिला लें।
अब इस मिक्सचर में दूध अपने अंदाज से डालकर सॉफ्ट आटा गूंथ लें।
यदि आटा गीला हो जाये तब मैदा मिला सकते हैं।
अब इस आटे को घी लगाकर 20 मिनट के लिए रख दें।
अब इसे अच्छी तरह से मैश करें।
इसके बाद इसकी टिक्की बनाकर तिल में लपेटें।
गर्म तेल या घी में धीमी आंच पर गोल्डन होने तक फ्राई करें।
अब गरमा गरम सर्व करें।


रविवार, 16 मई 2021

बनाना (केला) रेसीपी



केला सभी को पसंद है पर इसके बहुत सारे व्यंजन भी बनते हैं।यह बहुत कम लोगों को पता है।आज मैं कुछ ख़ास व्यंजन बताने जा रही हूं केले की।जो बेहद स्वादिष्ट है।तो चलिए बनाते हैं कुछ ख़ास---


केले की बर्फी

सामग्री :

4 पके केले,2 बड़े चम्मच घी,2 कप दूध, 1 कप चीनी,1 कप घिसा नारियल,1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर,आधा कप अखरोट।


बनाने की विधि:

केले को छीलकर अच्छे से मैश कर लें।
फिर एक बर्तन में मैश केले में दूध मिलाकर पकने के लिए गैस पर रख दें।
जब केले में दूध सूख जाए तब गैस बंद कर दें।
अब कढाई में घी गरम करें।
अब केले और दूध वाला मिश्रण डालें।
अब इसे लगातार चलाते हुए भुने।
जब मिश्रण ब्राउन हो जाये तब इसमें चीनी, नारियल अखरोट की गिरी डालें।
सूखने तक भून लें।
अब एक बर्तन में घी लगा कर चिकना कर लें।
अब मिश्रण डाल कर फैला दें।
ऊपर से अखरोट, बादाम, काजू से सजा दें।
ठंडा होने पर बर्फी के आकार में काट लें।






चटपटा केला फ्राई

सामग्री :
4/5 कच्चे केले, 1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर,1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर,1 चम्मच धनिया पाउडर,1 चम्मच अमचूर पाउडर,1 चम्मच पिसी सौंफ, आधा चम्मच साबुत सौंफ,  नमक ,तेल।

बनाने की विधि:

केलों को छीलकर  लम्बाई में 2 हिस्से कर लें।
कढ़ाई में तेल डाल कर कटे केले को धीमी आंच पर गुलाबी तल लें।जब फ्राई हो जाये तब इसे बर्तन में निकाल लें।अब कढ़ाई में 2 बड़े चम्मच तेल डाल दें।उसमें सभी मसालों को डालकर भून लें।फिर उसमें फ्राई केले को डालकर 5/6 मिनट धीमी आंच पर पकने दें।
अब गरमा गरम सर्व करें।



केले के खजूर

सामग्री :

4 पके केले,1 कटोरी मक्के का आटा,आधा कटोरी चीनी,1 चम्मच साबुत जीरा, आधा कटोरी गेंहू का आटा,1 बड़ा चम्मच घी मोयन के लिए, तलने के लिए तेल।

बनाने की विधि:

केलों को छीलकर टुकड़ो में काट लें।इसमें चीनी मिलाकर मिक्सर में बारीक पीस लें।आटे में जीरा व मोयन मिलाकर पिसे हुए केले के साथ आटा गूंथ लें।फिर उसके मोटी लोई बनाकर चकले पर बड़ी पूरी बेल लें।चाकू की सहायता से खजूर की शेप में निकोनी काट लें।जब सब काट के हो जाये तब इसे गर्म तेल में करारी तल लें।यह नाश्ते के रूप में सर्व करें।


शुक्रवार, 14 मई 2021

चाट....चटपटा😋


चाट का नाम सुनते ही ऐसा लगता है कि अभी ही खा लें।यह सबको पसंद आती है। बाजार का तो अच्छा लगता ही है।लेकिन घर पर बनाकर खाया जाए तो इसकी बात ही कुछ और है।चाट बनाना बिल्कुल आसान है।
इसे हम कई तरीकों से बना सकते हैं।जिसको जैसा पसंद वैसा बनाता है।
एकदम से कोई हार्ड रेसीपी नहीं कि इसमें यही सब चीजें पड़नी चाहिए।
किसी को तीखा,किसी को मीठा,किसी को काफी चटपटा😋 ।
आज मैं अपने तरीके से बनाना बताउंगी जो बिल्कुल आसानी से बनाया जा सकता है।यह कोई भी बना सकता है ।मेरे यहाँ तो बच्चे भी बना लेते हैं।मैं सारी तैयारी कर देती हूँ बच्चे बना लेते हैं।


सामग्री :
सफेद मटर (बटाना) 1 कटोरी 4 लोगों के लिए।
हल्दी पाउडर,नमक,भुना जीरा पाउडर,चाट मसाला,काला नमक,हरी चटनी,मीठी चटनी,दही, थोड़ी नमकीन सेव,बारीक कटी प्याज,हरी मिर्च बारीक कटी,नीम्बू,धनिया पत्ती कटी हुई।


बनाने की विधि

सबसे पहले हम सफेद मटर को भिगोने के लिए रख देंगे।
शाम को चाट बनाना है तो हम सुबह में ही मटर को भिगोकर रख (पानी में )देंगे।
शाम को मटर को पानी से निकाल लेंगें।
अब इसे कुकर में डालकर उसमें एक चम्मच हल्दी पाउडर, नमक स्वादनुसार डालकर 3/4 सिटी लगा देंगे।
गैस बंद कर दें। छोले तैयार।


अब हम हरी चटनी बनाएंगे-

इसके लिए-
मिक्सर के जार में 2 कटोरी धनिया पत्ती, 2 हरी मिर्च,थोड़ी अदरक,थोड़ी लहसुन(एक एक टुकड़ा) डालकर बारीक पीस लें।
इसे बाउल में निकाल कर इसमें नीम्बू का रस और  स्वादनुसार नमक डालें।
हो गयी हरी चटनी तैयार।

मीठी चटनी
इसके लिए -
एक कटोरी खजूर को गुनगुने पानी में भिगोकर रख दें।
4/5 घण्टे बाद जब यह अच्छी तरह से फूल जाए तब इसके सारे बीज निकाल लें।
अब इसे एक कढ़ाई या किसी मोटे तले के बर्तन में डालकर पकाएं। साथ ही इसमें एक कटोरी गुड़ बारीक कर के डाल दें।बीच बीच में चलाते रहें।इसे खूब उबलने दें अगर मीठा कम लगे तो चीनी डाल सकते हैं।
गाढ़े होने तक इसे पकाएं।अब गैस बंद कर दें।
मीठी चटनी तैयार है।इसके स्वाद को बढ़ाने के लिए इसमें आधा चम्मच भुना जीरा पाउडर डाल सकते हैं।


समोसा या टिक्की की चाट बनाया जाए ये हमारे स्वाद पर निर्भर है।
समोसा हम बाहर से ला सकते हैं या बना सकते हैं।
आलू टिक्की भी बनाया जा सकता है।

अब बनाने की विधि

एक डिश में हम समोसा या टिक्की डालेंगे।
उसके ऊपर रगड़ा मतलब छोले डालेंगे।
अब दही,मीठी चटनी,हरी चटनी,प्याज़,चाट मसाला,काला नमक ,धनिया पत्ती,हरी मिर्च,भुना जीरा पाउडर,नींबू, ऊपर से नमकीन सेव डालकर गरमा गरम सर्व करेंगे।
बस हो गया चटपटा चाट तैयार।




रविवार, 9 मई 2021

कूकरी टिप्स......जरा इन्हें भी ध्यान दें


आमतोर पर हम महिलाओं को किचन में बहुत सी छोटी छोटी समस्याएं आती हैं।हम सोंचते हैं कि कैसे इस परेशानी को खत्म करें।कुछ ऐसे ही टिप्स है जो कि हमारे कामो को आसान बनाती है।इसपे ध्यान दीजियेगा।
यह काफी लाभदायक है।

  1. दूध में आता गूँथ कर रोटी या पूरी, पराठे बनाएं।यह खस्ता और स्वादिष्ट बनेंगें।
  2. खाना धीमी आंच पर पकाने से इसमें मसालों की खुशबू बनी रहती है।भोजन स्वादिष्ट और पोष्टिकता से भरा होता है, गैस भी कम खर्च होती है।
  3. चूल्हे के बर्नर के बारीक छेद में खाने के कण फंस जाते हैं, जिससे लाल फ्लेम आने लगती है।समय समय पर इसकी सफाई करती रहें।
  4. प्याज काटने से पहले चाकू की नोंक पर एक कच्चा आलू छिल कर लगा लें।आँसू नहीं निकलेंगे।
  5. बिस्किट्स के कुरकुरापन नही जाए इसके लिए एक कन्टेनर में एक चम्मच चीनी डालें और तब बिस्किट्स डालें।तो बिस्किट्स काफी समय तक कुरकुरे रहेंगें।
  6. रसोई के चाकू में यदि जंग लग जाये तो उसे प्याज में घोंप कर रख दें। 10 /15 मिनट बाद निकाल लें।फिर धो लें।चाकू साफ हो जाएगा।
  7. हफ्ते भर की सब्जियां लाकर सीधे फ्रिज में ना रखें।लाते ही उन्हें अलग अलग थैली में अच्छे से बांधकर रखें।सब्जियां हफ्ते भर फ्रेश रहेंगीं।
  8. चीनी में चीटियां आ रहीं हों, तो उसके चारों ओर हल्दी छिड़क दें।चीटियां गायब हो जाएंगी।
  9. फ्रीज़र में पॉलीथिन शिट बिछाकर ही बर्फ की ट्रे रखें निकालने में आसानी होगी।
  10. पाचन क्रिया ठीक करने के लिए काली मिर्च और सेंधा नमक को पीसकर अदरक के टुकड़े के साथ खाएं।यह आराम देगा।
  11. यदि आलू में झुर्रियां पड़ गईं हो तो,उन्हें नमक डालकर उबालें आलू का बासीपन खत्म होगा।
  12. सैंडविच काटने के लिए जिस चाकू का इस्तेमाल करना है उसे गर्म कर लें।इससे सैंडविच काटने में आसानी होगी।
  13. बादाम और काजू के डब्बे में लौंग डालकर रखें कीड़ा नही लगेगा।
  14. यदि आपके हाथों में किसी भी मसाले का दाग लगा हो,तो उनको दूर करने के लिए कच्चा आलू काटकर रगड़िए।दाग दूर होगा।
  15. सिंक में कचरा भर जाए तब एक बर्तन में पानी डालकर एक चम्मच खाने का सोडा डालकर उबालें।फिर सिंक के पाइप का नीचे का सिरा कपड़े से बांधकर यह पानी पाइप में भर दें।थोड़ी देर बाद लम्बी डंडी से साफ कर लें।
  16. चावल जब पकने पर आ जाये तब,उसमें कुछ निम्बू के रस निचोड़ दें, चावल खिला खिला और खुशबू दार बनेगा।
  17. नमकदानी में अक्सर नमक जम जाता है।सील से बचाने के लिए उसमें 3 /4 चावल के दाने डालें।
  18. कुकिंग गैस को सिरके और नमक के घोल से साफ करें। गैस चमकने लगेगी।और वहां कीड़े भी नही आएंगे।
  19. सब्जी को धोकर काटें।बाद में धोने से उसके खनिज, विटामिन नष्ट हो जाते हैं।
  20. रोटी बनाने से 10 मिनट पहले आटा फ्रिज से बाहर निकालें।जिससे रोटियां आराम से बनेंगी।
  21. खाने में ज्यादा से ज्यादा सलाद खाएं इससे पाचनशक्ति ठीक रहती है, शरीर को पोषक तत्व मिलते हैं।
  22. बेलन को फ्रिज में ठंडा करके रोटी बेलने से उसमे आटा नही चिपकता।
  23. रसोई में एक डायरी रखें, जब भी कोई चीज़ खत्म होने वाली हो उसमे लिखें।
  24. फ्रिज में सभी सामग्री को ढककर रखें, जिससे एक वस्तु की गंध दूसरे में ना जाये।
  25. दूध को एक उबाल देकर ही प्रयोग करें।ज्यादा उबालने से पोषक तत्व नष्ट हो..

शनिवार, 8 मई 2021

शाही फालूदा



बनाने की सामग्री -

2 चम्मच सब्ज़ा
दूध डेढ़ कप
चीनी 2 चम्मच
फालूदा सेव आधा कप
गुलाब का शरबत 2 बड़ा चम्मच
आइस क्रीम 2 स्कूप
ड्राई फ्रूट्स के टुकड़े
गुलाब की पंखुड़ियां
पानी 2 कप

बनाने की विधि

* सब्ज़ा के दाने को आधे घण्टे तक भिगो कर रख दें।
* जबतक सब्ज़ा गल रहा है तबतक दूध को उबलने के लिए रख दें उसमें चीनी भी मिलाएं और उबलने दें।
*दूध को अच्छी तरह उबलने दें बीच बीच में चलाती रहें।
* जब दूध उबल जाए तब इसे ठंडा होने के लिए फ्रिज में रख दें।
* सब्ज़ा को छानकर अलग कर लें।

फालूदा सेव को पकाने की विधि-


* एक बर्तन में पानी गर्म करने के लिए रखें।
*जब पानी उबल जाए तब इसमें फालूदा सेव पकने के लिए डालें।
* 5 मिनट तक पकाएं।
* अब इसे छानकर ठंडा पानी डालें।
* जब सेव ठंडा हो जाए तो इसे छोटे टुकड़ों में काट लें।


अब फालूदा बनाएं-
* दो ग्लासों में बराबर मात्रा में सब्ज़ा के दाने डालें।
*इसके बाद फालूदा सेव डालें।
* अब दोंनो ग्लासों में  एक एक चम्मच गुलाब का शरबत डालें।
* इसके बाद दूध डालें।
*इसके बाद आइसक्रीम डालें।
* अब ड्राई फ्रूट्स और गुलाब की पंखुड़ियां डालें।
*हो गया  ठंडा ठंडा फालूदा तैयार।
सजाने के लिए आप चेरी,पिस्ता ये सब डाल सकते हैं।




सोमवार, 3 मई 2021

आम पन्ना

आम पन्ना एक पारंपरिक पेय(रेसिपी) है।
गर्मियों के मौसम में अक्सर हम आम पन्ना बनाते हैं।
जो काफी फायदेमंद है। यह हमें धूप से लगने वाली लू से भी बचाता है। और पीने में बेहद स्वादिष्ट ।
इसका खट्टा मीठा स्वाद सबको भाता है।
 यह लाज़वाब होता है।
तो चलिए बनाते हैं आज आम पन्ना

 सामग्री  
*कच्चे आम
*काला नमक
*भुना जीरा पाउडर
*काली मिर्च पाउडर
*छोटी इलायची पाउडर
*नमक
*चीनी
बनाने की विधि

* आम को कुकर में 2 ग्लास पानी डालकर 2 /3 सीटी लगा दें।
*उसके बाद गैस बंदकर दें।
*प्रेशर निकलने के बाद इसे एक बड़े बाउल में निकाल लें।
*अब इसमें 2 ग्लास ठंडा पानी डाल दें।
*हाथ से मसल कर छिलके और गुठली निकाल दें।
*गूदे को अच्छी तरह से मसल दें।
*अब इसे छन्नी से छान लें।
*अब इसमें बाकी के सामग्री डाल दें।
काला नमक,जीरा पाउडर,काली मिर्च पाउडर,चीनी,नमक,इलायची पाउडर सबको अच्छी तरह से मिला दें। और चीनी के घुलने तक चलाते रहें।
*अब ग्लास में डालकर ठंडा ठंडा सर्व करें।

काढ़ा

आज कोरोना महामारी पूरे देश को इतना ज्यादा प्रभावित कर रहा है कि सबकोइ अब सहम गया है।ऐसे में अनेकों उपाय लोग कर रहें हैं।जो जो लोग बता रहें हम सब वो कर रहें हैं। यह बीमारी इतना घातक हो चुका है कि पूरा देश परेशान है।
 इसमें सबसे ज्यादा जो उपाय हमसब कर रहें हैं वह है आयुर्वेदिक काढ़ा  
यूँ तो यह काढ़ा प्राचीन समय से चली आ रही है।लेकिन आज का आधुनिक समाज इसे भूल चुका है।
पर यही एक सर्वश्रेष्ठ उपाय और इलाज है जिससे सर्दी-जुकाम से राहत मिल सकती है।आजकल इसपर सभी निर्भर हो चुके हैं।
यूँ तो काढ़ा कई तरह से बनता है।
पर आज मैं अपने तरीके से इसे बताने जा रहीं हूँ जो बेहद आसान है।
तो चलिए बनाते हैं काढ़ा 🍵

 सामग्री :

👉अदरक,तुलसी,कालीमिर्च,लौंग,तेजपत्ता,दालचिनी,गुड़,अजवाइन,हल्दी।



👉 बनाने की विधि

* सबसे पहले हम एक पैन लेंगे उसमें आवश्यकता अनुसार पानी डालेंगे।
*पानी को पूरी तरह से उबलने दें।
*अब इसमें अदरक को बारीक कूटकर डालें।
*अब 5/6 लौंग डालें।
* 8/10 तुलसी के पत्ते डालें।
* 1 तेजपत्ता डालें।
* थोड़ी सी दालचीनी कूटकर डालें।
* 6/7 कालीमिर्च कूटकर डालें।
* 1 चम्मच अजवाइन डालें।
* आधा चम्मच हल्दी पाउडर डालें।
* गुड़ डालकर काढ़े को 10 मिनट तक उबलने दें।

*उबलने के बाद गैस बंद कर दें।
*अब इसे छान लें।
* हो गया काढ़ा तैयार।
अब इसे गर्म गर्म पी लें। इस काढ़े के पीने से सर्दी जुकाम में बहुत राहत मिलेगी।इसे आप दिन में 2 बार पी सकते हैं।

बुधवार, 13 जनवरी 2021

मिठे मिठे गुड़ में मिल गया TiL, उड़ी पतंग और खिल गया DiL… (तिल के लड्डू)मकर संक्रांति स्पेशल

मिठे मिठे गुड़ में मिल गया TiL,
उड़ी पतंग और खिल गया DiL…
चलो उड़ाये पतंग सबकोई Mil…












तिल के लड्डू

तिल का लड्ड़ू नाम सुनते ही खाने को मन कर जाता है और तिल के लड्डू के बिना मकर संक्रांति का त्योहार कैसा? इसी मौके पर तिल और गुड़ से तैयार किया जाने वाला तिल का लड्डू लगभग हर जगह बनाया जाता है।
इसकी सोंधी मिठास बहुत मनमोहक लगती है।और खाने में बेहद स्वादिष्ट।तिल शरीर को गर्म रखने में मदद करता है और इम्यूनिटी पावर को भी बढ़ाता है. इस मकर संक्रांति के त्योहार पर  चलिए बनाते हैं हम तिल का लड्ड़ू।
यह हम घर पर आसानी से बना सकते हैं।

सामग्री तिल – 2 कप (250 ग्राम)गुड़ – 1 कप (250 ग्राम)काजू- 2 टेबल स्पूनबादाम- 2 टेबल स्पूनछोटी इलाइची - 7 से 8 (पिसी हुई)घी - 2 छोटी चम्मच

बनाने की विधि -

तिल को अच्छे से  साफ कर लीजिये.

अब तिल भूनिए
कढ़ाई को गरम कीजिये।
मीडियम आग आंच पर रखते हुए,लगातार चलाते हुये
तिल को हल्के ब्राउन होने तक भून लीजिये।
ध्यान रहे कि तिल जले नहीं।
भुने तिल को एक प्लेट में निकालकर थोड़ा सा ठंडा होने दें।

तिल

भुने तिल से आधे तिल हल्का सा कूट लीजिये या मिक्सी से हल्का सा चलाकर दरदरा कर लीजिये।साबुत और हल्के कुटे तिल मिला दीजिये।

गुड़

गुड़ को छोटे छोटे टुकड़े कर लीजिये।
अब कढ़ाई में एक चम्मच घी डालकर गरम कीजिये।
गुड़ के टुकड़े डालिये और धीमीआंच पर गुड़ को पिघला लीजिये।
गुड़ पिघलने गैस बन्द कर दीजिये।
इसी समय काजू और बादाम काट लीजिए.

सामग्री मिक्स कीजिए

गुड़ के थोड़ा ठंडा होने के बाद इसमें भुने कुटे हुये तिल अच्छी तरह मिलाइये।
अब इसमें काजू बादाम और इलाइची का पाउडर भी मिक्स कर दीजिए।
अब गुड़ तिल के लड्डू बनाने का मिश्रण तैयार है।
इसे कढ़ाई से एक प्लेट में निकाल लीजिए और थोड़ा सा ठंडा होने दीजिए.

लड्डू बांधिए

हाथ में घी लगाकर चिकना कीजिये,  मिश्रण को एक चम्मच उठाइये (लड्डू गरम मिश्रण से ही बनाने पड़ते हैं, मिश्रण ठंडा होने पर जमने लगता है और लड्डू बनाना मुश्किल होता है). गोल लड्डू बनाकर थाली में लगाइये। सारे मिश्रण से लड्डू बनाकर थाली में लगा लीजिये।

तिल  के लड्डू  तैयार हैं।
तैयार लड्डू को 4-5 घंटे खुले हवा में छोड़ दीजिये, लड्डू को ड्राई होने पर आप इसे एअर टाइट कन्टेनर में भर कर रख सकते हैं।
लीजिये तैयार है तिल का लड्डू।


Diva's recipes of

आलू का पराठा ढाबा स्टाइल

आलू पराठा सबको भाता है। इसका नाम सुनकर ही मुंह में पानी आ जाता है। कभी भी कोई भी मौसम हो आलू पराठा हमेशा अच्छा लगता है। बड़े बूढ...